देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती स्मृति अभियान के तहत घोरावल विधान सभा के भगवास औराई में पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री सुदामा पटेल व विशिष्ट अतिथि विधायक डा अनिल कुमार मौर्य ने अनुसूचित मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत रावत, घोरावल ब्लाक प्रमुख दीपक पटेल के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी व लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि ने रानी अहिल्याबाई के संघर्षमयी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे मराठा होल्कर वंश की महान शासिका थीं। अहिल्याबाई का जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के चोड़ी गांव में हुआ था। उस समय समाज में कन्याओं को शिक्षा का अधिकार नहीं था, लेकिन उनके पिता मंकोजी राव शिंदे ने सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए उन्हें शिक्षित किया। कहा कि रानी अहिल्याबाई शिव भक्ति में लीन, न्यायप्रिय, दृढ़ संकल्प वाली, समाज सेवा को समर्पित एक महान महिला थीं, जिन्हें शिवकामिनी महादेवी के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल की प्रशंसा करते हुए इसे रानी अहिल्याबाई की विरासत को सम्मानित करने वाला
कदम बताया। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने 1767 से 1795 तक अपने शासनकाल में अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्य किया था। उन्होंने सड़कों, कुओं, विश्रामगृहों का निर्माण कराया और देशभर में मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया, जिसमें केदारनाथ से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक शामिल हैं। वे केवल एक शासिका नहीं, बल्कि जनकल्याण की प्रतीक थीं, जिन्होंने लोकमंगल को अपने शासन का मूल मंत्र बनाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भी उन्हीं मूल्यों से प्रेरणा लेकर जनहितकारी योजनाएं चला रही हैं। अनुसूचित मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत रावत ने कहा कि लोक माता अहिल्याबाई ने विषम परिस्थितियों में भी कुशल शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहिल्याबाई के सपनों को साकार करने का कार्य किया है। इस मौके पर उदयनाथ मौर्य, तीरथराज, दीपक पटेल, शंभू नारायण सिंह, पुष्पा सिंह,प्रसन्न पटेल, सुरेश शुक्ला, अनुपम तिवारी, मंजू गिरी, सुनील चौबे, मनीष पटेल आदि मौजूद रहे।