कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण (एनआरएलएम) से जुड़कर महिलाएं स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन रही हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 400 नए समूह गठित कर 4200 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य मिला है। विभाग समूह गठित कर महिलाओं के चयन की कवायद में जुटा है। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चला रही हैं। एनआरएलएम भी उसमें शामिल है।वित्तीय वर्ष 2025-26 में शासन ने 400 नए समूह का गठन कर 4200 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए ब्लाॅकों को भी लक्ष्य दिया गया है। अब तक ब्लॉकों की टीम की ओर से 56 समूहों का गठन भी कराया है। समूह गठन में बसखारी, जलालपुर, जहांगीरगंज व रामनगर ब्लॉकों में सबसे अधिक समूह बनाए गए हैं। उपायुक्त स्वरोजगार अनिल सिंह ने बताया कि 400 समूह के गठन का लक्ष्य मिला है। इसको पूर्ण करने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। अब तक 56 समूह का गठन किया जा चुका है। शेष बचे समूहों का गठन भी जल्द पूरा करा लिया जाएगा।जिले में पहले से 12149 समूहों का संचालन हो रहा है। इससे जुड़ कर एक लाख 37 हजार 625 महिलाएं आत्मनिर्भर हो चुकी हैं। हालांकि विभाग के पास जो समूह पंजीकृत हैं उनमें से 77 प्रतिशत ही सक्रिय हैं। ऐसे में अब फिर से समूह बनाने का लक्ष्य मिला है।