आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर शहर के तंदूरी दरबार बैंकवट हॉल में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उनके लिए एक सम्मान और चुनौती दोनों है।
प्रमोद सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा देश और समाज की सेवा में समर्पित रहा है। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया और कहा कि जिले से लेकर ब्लॉक, न्याय पंचायत, ग्राम सभा एवं बूथ स्तर तक पार्टी की जड़ों को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और बुनियादी ढांचे की कमी जैसी समस्याओं का समाधान कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से लेकर कुंभ तक, राम पथ से इन्वेस्ट यूपी तक, हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। आए दिन सोशल मीडिया पर धंसती हुई सड़कों की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जो सरकार की नाकामी को दर्शाती हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के शहर अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ खान ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं और उन्हें जागरूक करें।
आरिफ खान ने कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनजर पार्टी को मजबूत करना, जनता के मुद्दों को उठाना और उन्हें हल करने के लिए ठोस कदम उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के सिद्धांतों का प्रचार करेंगे और संगठन की एकता को बनाए रखेंगे।
पार्टी की आगे की रणनीति:
- जिले से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना।
- शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी के मुद्दों को प्राथमिकता देना।
- भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना और जनता को जागरूक करना।
- आगामी चुनावों की तैयारियों को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया और संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।