देवल संवाददाता,मऊ। स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण को भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय द्वारा प्राथमिक विद्यालय कोपागंज में स्कूल चलो अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके अलावा विकास खंड रानीपुर में एम.एल.सी.विक्रांत सिंह रिशु द्वारा स्कूल चलो अभियान को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
इसके साथ ही जनपद के सभी विकास खण्डों में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया गया। तथा नए बच्चों का नामांकन कर उनका स्वागत किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 स्कूल चलो अभियान का पहला चरण 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक तथा दूसरा चरण 01 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा। स्कूल चलो अभियान के माध्यम से अध्यापकों बच्चों एवं जन सामान्य में जागरूकता लाने तथा शैक्षणिक वातावरण सृजित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि समस्त विकास खण्डों तथा विद्यालय स्तर पर रैली एवं प्रभात फेरी आयोजित कराई गई। अभियान के दौरान झोपड़ियां,रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे अस्थाई आवास में रहने वाले परिवारों,परंपरागत कुटीर एवं लघु सूक्ष्म उद्योगों तथा ईट भट्टों पर कार्य करने वाले परिवारों तथा जनजाति एवं घुमंतु समुदायों पर विशेष फोकस किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सत प्रतिशत नामांकन कराया जाना है।अभियान के शुभारंभ के दौरान नए नामांकन वाले बच्चों पर पुष्प की वर्षा की गई तथा तिलक लगाकर स्वागत किया गया।स्कूल चलो अभियान रैली के दौरान प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।