देवल संवाददाता,आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र में समाजसेवी विवेक पाण्डेय पर दो अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना मंगलवार शाम हाइड्रिल चौराहे से छतवारा रोड पर आशा नर्सिंग होम पुलिया के पास हुई। विवेक पाण्डेय ने सिधारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
विवेक पाण्डेय, पुत्र मनोज पाण्डेय, ग्राम सुम्भी, थाना जहानागंज, ने अपनी तहरीर में बताया कि वह अपने सामाजिक कार्यों के लिए जिले में जाने जाते हैं। मंगलवार को वह जनपद से अपने गांव सुम्भी लौट रहे थे, तभी एक मारुति ब्रेजा (यूपी 50 सीएफ 9997) से आए दो व्यक्तियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका। इसके बाद दोनों ने गाली-गलौज करते हुए विवेक पर हमला कर दिया। हमले में विवेक के कान से खून बहने लगा और उनके हाथ में गंभीर चोट आई। विवेक के अनुसार, हमलावरों ने धमकी दी कि "दुबारा रोड पर दिखे तो जान से मार देंगे।" इस घटना से वह डरे-सहमे हैं। उन्होंने सिधारी थाने में तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत कांस्टेबल हेमंत कुमार द्वारा दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।