देवल संवादाता,गोरखपुर। शहर के चंपा देवी पार्क में आयोजित गोरखपुर महोत्सव में दिग्विजयनाथ पार्क में रविवार को डॉग शो का आयोजन किया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी व अन्य पशु चिकित्सकों की देख-रेख और जिलाधिकारी की पत्नी संगीता की अध्यक्षता में शो आयोजित किया गया। डॉग शो में 23 नस्लों के 115 श्वानों ने प्रतिभाग किया। ट्वाय पाम को बेस्ट ऑफ द शो का खिताब दिया गया। यह जानकारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय श्रीवास्तव ने देते हुए बताया कि शो में दस श्वान को पुरस्कृत किया गया।
शो में दूसरा स्थान लेब्राडोर को दिया गया। तीसरा जर्मन शेफर्ड, चौथा चाउ चाउ श्वान, पांचवा पिटबुल, छठवां गोल्डेन रेडिभर, सातवां अमेरिकन बुल, आठवां केन कारसो, नौवां डोगो अरजेंटीनो और दसवां स्थान मैस्टीफ श्वान को दिया गया। डॉग शो देखने के लिए भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे। प्रतिभागियों में सबसे अधिक जर्मन शेफर्ड प्रजाति के श्वान रहे। मुख्य अतिथि ने शो में प्रतिभाग करने वालों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडे, शो के जज धीरज शर्मा, डॉ. राजेश त्रिपाठी, डॉ. सुमित्रा त्रिपाठी, डॉ. बीएन त्रिपाठी, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. सुबोध आदि मौजूद रहे।