देवल संवाददाता,गोरखपुर। तिवारीपुर के माधोपुर में दिवाली के दिन लक्ष्मी प्रतिमा के सामने डीजे पर बज रहे गाने पर नाचने के विवाद में महेंद्र पासवान को चार मनबढ़ों ने मारपीट कर गोली मार दी। दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस की मदद से परिजन जिला अस्पताल लेकर गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पिता गिरिश चंद पासवान की तहरीर पर शुक्रवार को केस दर्ज कर तिवारीपुर पुलिस ने शनिवार को माधोपुर संत रविदास स्कूल के पास से आनंद साहनी, अनुराग उर्फ रोनित रावत, साहिल कन्नौजिया उर्फ भोले भक्त और प्रिंस साहनी को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने 32 बोर की अवैध पिस्टल और मैग्जीन भी बरामद की गई है। चारों आरोपियों पर तिवारीपुर थाने में पहले से कई केस दर्ज हैं।
पिता गिरिश चंद पासवान ने तहरीर में लिखा है कि मेरे बेटा बगल में ही स्थापित लक्ष्मी प्रतिमा के पास डीजे पर बज रहे गाने पर नाच रहा था। इस दौरान मोहल्ले के ही चार युवकों से गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आनंद साहनी ने अपनी कमर से अवैध पिस्टल निकालकर बेटे की जान मारने की नियत से उसपर फायर कर दिया।
गोली बेटे के दाएं पैर पर लगी है। जानकारी पर पहुंचे तो आरोपी असलहा लहराते हुए भाग निकले। मेडिकल कॉलेज में बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।