बलिया के सलेमपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तथा मौजूदा सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। आज दूसरे दिन बलिया संसदीय क्षेत्र के लिए 10 और सलेमपुर से 03 निर्दलीय या राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया।कलेक्ट्रेट परिसर के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था व बैरिकेडिंग के कड़े प्रबन्ध किये गये हैं। मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाये गये हैं। जहां चेकिंग के पश्चात अन्दर के लिये प्रवेश दिया जा रहा है। कलेक्ट्रेट के अन्दर नामांकन स्थल पर जाने के लिये बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा एवं बाहर सुरक्षा के कड़े प्रबन्ध किये गये हैं।पूरे दिन बैरिकेडिंग पर पुलिस प्रशासन द्वारा सघन चेकिंग आदि का क्रम जारी रहा। अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहा। कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास वेटिंग रूम व मेडिकल हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। पर्चा लेने और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 मई 2024 है l नाम निर्देशनों की जांच 15 मई तक पूर्ण की जाएगी। प्रत्याशी अपने नाम की वापसी 17 मई को कर सकते हैं।