देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर विकास नगर कॉलोनी, रॉबर्ट्सगंज निवासी प्रीति शाक्य ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। प्रीति शाक्य विकास नगर निवासी अधिवक्ता विकास शाक्य की छोटी पुत्री हैं। प्रीति ने रूस की प्रतिष्ठित कज़ान स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से वर्ष 2022 में छह वर्षीय एमबीबीएस पाठ्यक्रम पूरा किया था। इसके बाद स्वदेश लौटकर उन्होंने एफएमजीई परीक्षा की तैयारी शुरू की। सफलता पाने के लिए उन्हें लगातार चार बार परीक्षा में शामिल होना पड़ा। शुरुआती प्रयासों में महज एक-दो अंकों के अंतर से परिणाम उनके पक्ष में नहीं आ सका, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर मेहनत जारी रखी। आखिरकार इस बार उन्होंने 165 अंक हासिल कर परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। प्रीति की इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और परिचितों में हर्ष का माहौल है। मूल रूप से विंढमगंज के रहने वाले उनके पिता विकास शाक्य रॉबर्ट्सगंज में वकालत करते हैं। उन्होंने अपने चारों बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया। उनकी बड़ी पुत्री आर्किटेक्चर के क्षेत्र में हैं, जबकि छोटी पुत्री प्रीति ने चिकित्सा के क्षेत्र में सफलता हासिल की है। बड़ा पुत्र एग्रीकल्चर में परास्नातक की पढ़ाई कर रहा है और छोटा पुत्र दून लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यायिक सेवा की तैयारी में जुटा है। बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए अधिवक्ता विकास शाक्य ने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील की। प्रीति की सफलता ने यह संदेश दिया है कि असफलताओं से निराश होने के बजाय निरंतर प्रयास किया जाए तो मंजिल जरूर मिलती है।
चार बार की असफलताओं को पछाड़ प्रीति शाक्य ने पास की प्रतिष्ठित FMGE परीक्षा, बनीं डॉक्टर
नवंबर 11, 2026
0
Tags
