देवल संवाददाता, मऊ। विकास भवन, मऊ के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक,मऊ द्वारा गत माह आयोजित किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं के संबंध में की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या उपस्थित कृषकों एवं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गई। समस्याओं के समाधान की जानकारी प्राप्त कर कृषकों ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।किसान दिवस में जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से आए किसानों द्वारा विद्युत आपूर्ति, फसल बीमा एवं जल निकासी सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक,मऊ द्वारा उपस्थित किसानों से पराली न जलाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि किसान पराली प्रबंधन के लिए इन-सीटू यंत्रों जैसे सुपर सीडर,एसएमएस एवं मल्चर आदि का प्रयोग करें। साथ ही पराली को गौशालाओं में भेजने तथा पशुओं के बिछावन, चारा एवं मल्चिंग के रूप में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।वहीं,जिला कृषि अधिकारी,मऊ द्वारा किसानों को अवगत कराया गया कि रबी सीजन में जनपद के किसानों को पर्याप्त मात्रा में बीज,फास्फेटिक उर्वरक एवं यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी प्रकार की चिंता किए बिना निर्धारित समय पर अपनी फसलों की बुवाई करें। किसान दिवस में मदन मोहन राय,जयप्रकाश सिंह,कोमल यादव,अनुज यादव सहित जनपद के विभिन्न विकास खण्डों से आए कृषक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
