देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों की प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची की विधानसभा-वार प्रतियां राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने, जेंडर रेशियो में सुधार करने तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से भी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करें। विशेष अभियान दिवसों पर अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र प्रविष्टियों एवं त्रुटियों के निराकरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान दिनांक 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अधिकाधिक पात्र मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 21 नवंबर, 22 नवंबर, 28 नवंबर एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें तथा यदि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में आवश्यक प्रपत्र के माध्यम से अपना दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से राजीव त्रिपाठी पीसीसी ऑब्जर्वर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी; समाजवादी पार्टी से राम निहोर यादव जिलाध्यक्ष; भारतीय जनता पार्टी से अनिल सिंह जिला मंत्री, सीपीआईएम से नंदलाल आर्य जिला मंत्री; आम आदमी पार्टी से रमेश गौतम जिलाध्यक्ष तथा बहुजन समाज पार्टी से रामचन्द्र राय एवं महेन्द्र भारती महासचिव विधानसभा उपस्थित रहे।
इस मौके पर अपर जिला अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी घोरावल श्री विशाल सिंह, उप जिलाधिकारी घोरावल रवि पासवान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल एंव संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
