देवल संवाददाता, आजमगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), गोरक्ष प्रांत की आजमगढ़ नगर इकाई द्वारा 'राष्ट्रीय स्त्री शक्ति दिवस' के शुभ अवसर पर स्थानीय चिल्ड्रन स्कूल में एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय "शिक्षित नारी - सशक्त समाज" रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में अभाविप के जिला प्रमुख डॉ. रामजनम दुबे जी एवं मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. गीता सिंह जी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता प्रो. गीता सिंह जी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज की प्रगति का आधार वहां की नारी शक्ति होती है। जब एक महिला शिक्षित होती है, तो वह केवल स्वयं ही आत्मनिर्भर नहीं बनती, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को संस्कारित व सशक्त बनाती है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ समाज निर्माण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाएं।
प्रवासी के रूप में उपस्थित जिला प्रमुख डॉ. रामजनम दुबे जी ने राष्ट्रीय स्त्री शक्ति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही छात्राओं के नेतृत्व विकास, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव पूजनीय माना गया है और आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में नगर इकाई के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर इकाई के समस्त पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
