देवल संवाददाता, मऊ। नगर में स्थित गायत्री शक्तिपीठ के संरक्षक डाॅ संजय सिंह व डाॅ सुजीत सिंह को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। इंदिरा गांधी इन्डोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार हरिद्वार के प्रमुख डाॅ प्रणव पांड्या द्वारा चिकित्सक द्वय को विशिष्ट सम्मान से अलंकृत किया। माता भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड दीप की पावन शताब्दी के अवसर पर जनपद में गायत्री शक्तिपीठ के तत्वावधान में कार्य करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।शक्तिपीठ संरक्षक डाॅ संजय सिंह ने बताया कि विश्व के प्रथम मंत्र गायत्री की उपासना के माध्यम से सनातन संस्कृति के उत्थान की दिशा में अखिल विश्व गायत्री परिवार हरिद्वार के नेतृत्व में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विविध कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाता है। मऊ इकाई द्वारा इस दिशा में सार्थक प्रयास के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। गायत्री परिवार द्वारा सनातन संस्कृति की रक्षा के साथ विश्व कल्याण के लिए सतत कार्य किया जाता रहेगा। डाॅ सुजीत सिंह ने बताया कि अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर से जुटे लोगों के बीच अपने जनपद को सम्मानित होना गर्व भरा क्षण है।
