कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अकबरपुर मुरादाबाद निवासी समाजसेवी बरकत अली के पुत्र मोहम्मद समीर ने कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव एंट्रेंस टेस्ट (CSEET) अक्टूबर 2026 की परीक्षा में 400 में 292 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) की ओर से 15 नवंबर को परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था।
समीर की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को ब्लू बेल्स स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल के प्रिंसिपल और शिक्षकों ने मोहम्मद समीर को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रिंसिपल ने कहा कि समीर की सफलता स्कूल और क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने समीर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समीर की इस उपलब्धि से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को कंपनी सेक्रेटरी बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मोहम्मद समीर ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही उन्हें यह सफलता प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर समीर के पिता समाजसेवी बरकत अली, परिजन, शिक्षकगण मौजूद रहे। सभी ने समीर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
