देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया तथा सुरक्षा से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को सदैव क्रियाशील रखने,नियमित निगरानी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए वेयरहाउस की सुरक्षा एवं निगरानी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखी जाएं।निरीक्षण के दौरान अपर जिला अधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
