देवल संवाददाता, मऊ।मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, मऊ द्वारा आयोजित एक माह के कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि विज्ञान केंद्र,पिलखी,मऊ के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. विनय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकते हैं तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ ही अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।इस अवसर पर 30 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया। डीआरपी बृजेश प्रसाद ने खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योगों की स्थापना, संचालन एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं कुमारी रुबीना खातून ने कुकरी एवं बेकरी प्रशिक्षण के अंतर्गत तैयार किए जाने वाले विभिन्न खाद्य पदार्थों की जानकारी देते हुए आवश्यक सामग्री एवं विधियों से प्रशिक्षणार्थियों को परिचित कराया। इसमें स्पंज केक,फ्रूट केक,कोकोनट कुकीज,चॉकलेट मार्बल कुकीज,जीरा बिस्कुट, काजू बिस्कुट सहित विभिन्न बेकरी उत्पादों के निर्माण से संबंधित जानकारी दी गई।कार्यक्रम में श्वेता साहनी,अर्चना भारती,पवन कुमार एवं गुड्डू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान राजकीय फल संरक्षण केंद्र, मऊ के प्रभारी त्रिभुवन राम भी मौजूद रहे।
