देवल संवाददाता,आजमगढ़। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करते हुए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि 10 नवंबर को सभी सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें तथा 13 नवंबर तक सभी बूथों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग की रिपोर्ट उपलब्ध करायें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से पूर्व सभी मतदान केंद्रों एवं मतगणना स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत कराना सुनिश्चित करें। यदि किसी मार्ग पर अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण पाया जाता है, तो संबंधित को नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समय से सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्वाचन के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मतदान कार्मिकों, मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, मास्टर ट्रेनर तथा जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न विभागों से आवश्यक कार्मिकों का डाटा निर्धारित समय में प्राप्त कर उसकी डाटा एंट्री एवं जांच सुनिश्चित करें। मतदान एवं मतगणना कार्मिकों तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति, नियुक्ति पत्रों का संबंधित विभागों से तामिला तथा आवश्यकतानुसार कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा उनके प्रशिक्षण की कार्यवाही समय से पूर्ण की जाए। मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण भी निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कराया जाए। मतगणना कार्मिकों को समूहवार प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनरों को पहले से प्रशिक्षित किया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान सभी कार्मिक अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।
निर्वाचन स्टेशनरी, निर्वाचन प्रपत्र, मतदान एवं मतगणना सामग्री की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्रों एवं लेखन सामग्री का मुद्रण समय से सुनिश्चित कराया जाए। मतदान कार्मिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली समस्त निर्वाचन सामग्री को व्यवस्थित रूप से बैग में तैयार कराना तथा मतगणना सामग्री के संग्रह, पैकेटिंग एवं वितरण की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के अंतर्गत जनसामान्य एवं मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तिथि घोषित होने के उपरांत आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण के संबंध में उन्होंने वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, स्थैतिक निगरानी टीम एवं उड़नदस्ता टीम का गठन कर विधानसभा वार उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित प्रभारी अधिकारी की देखरेख में सभी टीमों को उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में भली-भांति प्रशिक्षित किया जाए।
इसके साथ ही मतपत्रों एवं डाक मतपत्रों की व्यवस्था, डाक मतपत्रों का प्रेषण, ईटीपीबीएस की व्यवस्था, दृष्टिबाधित मतदाताओं के उपयोगार्थ ब्रेल लिपि में डमी बैलेट पेपर तैयार कराने तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मतदान की व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन के दौरान राजनीतिक दलों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा प्रकाशित एवं प्रसारित कराए जाने वाले विज्ञापनों, पेड न्यूज तथा सोशल मीडिया से संबंधित निर्धारित मानकों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कम्युनिकेशन प्लान समय से तैयार कर लिया जाए तथा सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक उपकरणों, तकनीकी संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाए, जिससे निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) के अंतर्गत आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। इसके लिए सभी बूथों पर रैंप, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर, छाया, हेल्प डेस्क तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कर लिया जाए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मुख्य राजस्व अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होने से लेकर मतगणना समाप्त होने तक सभी संबंधित स्थलों पर साफ-सफाई, चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फॉगिंग मशीन, मोबाइल टॉयलेट तथा पेयजल टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश से जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त निर्देशों की प्रतियां समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। निर्धारित समय-सारिणी एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्यों को पूर्ण कराना संबंधित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों का व्यक्तिगत उत्तरदायित्व होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राजीव कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम डॉ0 आराधना त्रिपाठी, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित समस्त नोडल/सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
