लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान शिकागो विश्वविद्यालय में दिए गए एक बयान को लेकर देश में सियासी पारा गरमा गया है। गुरुवार को बीजेपी ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताने का गंभीर आरोप लगाते हुए उन पर तीखा हमला बोला।
हालांकि, समाचार एजेंसियों द्वारा जारी वीडियो में देखा गया कि उन्होंने असल में लोकतंत्र को 'बीमार' नहीं, बल्कि 'पवित्र' कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' राहुल गांधी के भाषण की एक क्लिप साझा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उन्हें भारत-विरोधी प्रचार का नेता करार दिया।
भंडारी ने लिखा, 'राहुल गांधी ने विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र को 'बीमार' बताया है। कांग्रेस भारतीय लोकतंत्र को बीमार कहती है। राहुल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें सिर्फ अपने परिवार से प्यार है और लोकतंत्र से नफरत।'
राहुल गांधी ने क्या कहा था?
अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि यदि विपक्ष को चुनावों में धांधली की आशंका है, तो वह चुनावों का बहिष्कार क्यों नहीं करता? इसके जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए 'पवित्र' है और उस पर किसी भी तरह का सवाल उठाने के लिए उन्हें बेहद ठोस सबूतों की आवश्यकता होगी।
राहुल ने कहा, 'भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। जब तक मेरे पास 100, 200 या 300 प्रतिशत पुख्ता सबूत न हों, तब तक मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है।'
चुनाव बहिष्कार के सवाल पर उन्होंने आगे कहा, 'यदि हम विपक्ष के कार्यकर्ताओं से कह दें कि वे चुनाव में हिस्सा न लें, तो उनका क्या होगा? जिस पल हम यह कहेंगे कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और हम भारतीय लोकतंत्र के इस ढांचे को नष्ट नहीं होने देना चाहते।'
विपक्ष की रणनीति स्पष्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'हमारी रणनीति यह है कि व्यवस्था में हो रही कथित गड़बड़ियों को देश के सामने उजागर किया जाए और तब तक चुनाव लड़ते हुए संघर्ष जारी रखा जाए, जब तक भारत के लोगों को यह एहसास न हो जाए कि पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट किया जा रहा है।'
