देवल संवाददाता, आजमगढ़। फर्जी मदरसा संचालित कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी धनराशि और अनुदान प्राप्त करने के प्रयास के मामले में तहबरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अंसार अहमद (58) को सोमवार को उसके घर ग्राम नेवादा से गिरफ्तार किया। मामले में राज्य विशेष अपराध अनुसंधान (EOW) की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी 2025 को राज्य विशेष अपराध अनुसंधान (EOW) मुख्यालय लखनऊ के निरीक्षक एवं जांच अधिकारी कुंवर ब्रह्म प्रकाश सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि ग्राम नेवादा बीबीपुर में मदरसा इस्लामिया अंसारूल उलूम के नाम पर ऐसा संस्थान दर्शाया गया, जिसका वास्तविक अस्तित्व नहीं था। इसके बावजूद आपराधिक षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हें असली बताकर सरकारी धनराशि एवं अनुदान प्राप्त करने का प्रयास किया गया।
इस मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना और सरकारी धन के गबन के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। बाद में जांच तहबरपुर थाने स्थानांतरित कर दी गई, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय कर रहे थे।
सोमवार को उपनिरीक्षक दशरथ उपाध्याय पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्राम नेवादा स्थित उसके घर पहुंचकर दरवाजे से सुबह करीब 10:50 बजे अंसार अहमद पुत्र स्व. अजीज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी इसी गांव का निवासी है।
