कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।थाना भीटी क्षेत्र के ग्राम काही धुरहुपुर में खतौनी की भूमि को लेकर दो पक्षों में विवाद गहराता जा रहा है। स्थिति ऐसी बन गई है कि गांव में किसी भी समय बड़ा विवाद और मारपीट की घटना हो सकती है। ऐसे में पुलिस की अहम भूमिका और तत्काल हस्तक्षेप बेहद जरूरी हो गया है।
मामला गाटा संख्या 681 का है। पीड़ित रामकल्प पुत्र रामअनुज निवासी ग्राम काही धुरहुपुर ने पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर को शिकायती पत्र देकर बताया है कि उसकी खतौनी की जमीन पर गांव के ही निसार अहमद पुत्र खलील अहमद और इम्तियाज अहमद पुत्र खलील अहमद द्वारा स्थगन आदेश के बावजूद जबरन गड्ढा खोदकर पिलर खड़ा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पीड़ित का कहना है कि उक्त भूमि पर उपजिलाधिकारी न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश पारित किया गया है, जिसकी प्रति भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने स्थगन आदेश का हवाला देकर निर्माण रोकने को कहा तो विपक्षीगण गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और जान से मारने व जमीन पर जबरन कब्जा कर लेने की धमकी देने लगे। इससे गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है और ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मामला बड़ा रूप ले सकता है और शांति व्यवस्था बिगड़ सकती है।
इधर पीड़ित ने न्याय न मिलने पर IGRS जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसका संदर्भ संख्या 40017826046642 है और दिनांक 17-10-2026 को गृह एवं गोपन विभाग में संपत्ति/भूमि/रास्ता/नाली विवाद श्रेणी में दर्ज है। जिसमें राजस्व ग्राम काही, ग्राम पंचायत काही, विकास खंड भीटी, तहसील भीटी, थाना भीटी, जिला अम्बेडकरनगर क्षेत्र में शिकायत का निवारण करने की मांग की गई है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मौके पर पहुंचे हल्का सिपाही आलोक द्वारा निर्माण कार्य रुकवाने के बजाय पीड़ित पक्ष को ही डांट-फटकार कर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई, जिससे पीड़ित पक्ष में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस अधीक्षक और थाना भीटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थगन आदेश का अवलोकन करे, यथास्थिति बनाए रखे, अवैध निर्माण कार्य को रोका जाए और दोनों पक्षों को पाबंद कर शांति व्यवस्था कायम कराई जाए, ताकि गांव में कोई बड़ी अप्रिय घटना न होने पाए।
