कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के उपरांत जनपद के समस्त विसर्जन स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया के निर्देशानुसार जनपद के समस्त विसर्जन स्थलों पर सफाई कर्मियों की टीमें लगाकर साफ-सफाई कराई गई। अभियान में जनसहभागिता के साथ जनप्रतिनिधियों, संबंधित अधिकारियों, ग्राम प्रशासकों आदि ने भी सहभागिता की।
अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने गायत्री मंदिर घाट पर सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी क्रम में विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद ने श्रवण क्षेत्र धाम, प्रशासक जिला पंचायत श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा ने महादेवा घाट तथा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद अकबरपुर ने गायत्री मंदिर घाट पर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थलों पर सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान में योगदान दिया।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में गठित सफाई कर्मियों की टीमों द्वारा विसर्जन स्थलों, घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई का कार्य कराया गया। अभियान के माध्यम से पूजा सामग्री एवं अन्य अपशिष्टों के उचित निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
अभियान का उद्देश्य विसर्जन के उपरांत घाटों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना, गंदगी के कारण फैलने वाली बीमारियों की आशंका को कम करना तथा जनपद में स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना है।
