देवल संवाददाता, आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर में शनिवार की रात शराब ठेके पर कहासुनी के बाद हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के चचेरे भाई को भी चोट लगी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजन चौबे पुत्र … निवासी बिजारवा, पोस्ट बनकर, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात राजन चौबे बलरामपुर स्थित शराब ठेके पर गया था। इसी दौरान वहां कुछ लोगों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने राजन के साथ बुरी तरह मारपीट कर दी।
मारपीट के दौरान राजन का चचेरा भाई शुभम चौबे बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसे भी हल्की चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजन को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस चौकी की फोर्स के साथ शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
