देवल संवाददाता आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (समाजवादी मजदूर सभा) प्रदीप सहाय ने करखिया इंटर कॉलेज के ग्राउंड में क्षेत्र के बच्चों के लिए 25 फीट ऊंचा रस्सा पोल लगवाया, जिसका उद्घाटन आज उनके द्वारा फीता काटकर किया गया।
करखिया ग्राउंड पर सैकड़ों की संख्या में तैयारी करने वाले बच्चे सुबह दौड़ लगाने आते हैं। हर सोमवार को आनंद डिफेंस एकेडमी करखिया-रुस्तम सराय की तरफ से सुबह 6 बजे दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।
सोमवार को भी 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से ज्यादा बच्चों ने भाग लिया। प्रथम स्थान सुशील कुमार, द्वितीय स्थान संदीप पटेल और तृतीय स्थान आदित्य यादव ने प्राप्त किया। प्रदीप सहाय ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले युवकों को मेडल, अंगवस्त्रम व ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया।
सपा नेता ने कहा कि नियमित रूप से व्यायाम व दौड़ से हमारा शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रहता है। खेल हमें अनुशासन, सहयोग और मिलजुल कर काम करना सिखाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, कमी है तो सिर्फ संसाधनों की। देवांचल के इलाके में अगर खेल स्टेडियम बन जाए तो बच्चे और भी आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूंगा। बच्चों को ग्राउंड में प्रकाश उपलब्ध न होने से काफी दिक्कत होती है, ग्राउंड में प्रकाश की व्यवस्था हो इसके लिए मैं प्रयासरत हूं।
कार्यक्रम में आयोजक अंतिम सिंह, शैलेश भारती, अरविंद राणा, विनोद कुमार, अजय भारती, मानिकचंद, सुनील यादव, अरविंद कुमार यादव सहित काफी संख्या में क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
