कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकास भवन परिसर में दिव्यांगजन विभाग की ओर से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी हरिओम पाण्डेय तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष (प्रशासक) शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का जिला विकास अधिकारी सविता सिंह और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वरुण सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों के कल्याण, उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को उनकी जरूरतों के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसमें 80 साइकिल, 30 व्हीलचेयर, 10 स्मार्ट केन (दृष्टिबाधितों के लिए छड़ी), पांच कान की मशीन, 20 एमआर किट और 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल शामिल हैं।
इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवागमन, दैनिक गतिविधियों और जीवन की विभिन्न चुनौतियों से निपटने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहूलियत प्रदान करने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारीदी गई तथा उपकरण वितरण किया गया।
