देवल संवाददाता, आजमगढ़। मेंहनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान शाहिद (26) पुत्र इद्रीश, निवासी इस्माइलपुर भरथीपुर, थाना तरवां, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को एक महिला ने मेंहनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान शाहिद से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का आश्वासन देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी की बात कहने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 348/2026 में बीएनएस की धारा 69, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। गुरुवार 15 अक्टूबर को उपनिरीक्षक इंद्रजीत पटेल ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर जिगनी क्षेत्र से अभियुक्त को दोपहर करीब 12:05 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त आरोपों से इनकार कर रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
