देवल संवाददाता, मऊ। आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्थानीय डी.सी.एस.के. पी.जी. कॉलेज, मऊ में आज ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक भव्य एवं प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनय कुमार (सदस्य, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग),विशिष्ट अतिथि रमेश दुबे (भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य एवं प्रभारी, मधुबन),जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री अश्विनी कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं अर्पिता मौर्य एवं खुशी यादव ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।मुख्य अतिथि विनय कुमार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है,बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को भी नुकसान पहुँचाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रामकेवल यादव (अध्यक्ष,नशामुक्ति केंद्र),डॉ. जहीरुद्दीन आजमी (चिकित्सक) तथा नीलम की गरिमामयी उपस्थिति रही।इस आयोजन को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा,जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार तथा समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक शैलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में सहयोगी संस्था बालवाड़ी एवं निर्बल सेवा नारी कला केंद्र समिति, डंगोली,मऊ तथा जिला नशामुक्ति केंद्र के कर्मचारियों ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल कुमार जायसवाल,राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रवीन्द्र कुमार तथा डॉ. अभय राय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों,शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
