देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। डॉ. वेद प्रकाश यादव की अगुवाई में कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और महंगाई भत्ता सहित कई प्रमुख मांगें उठाईं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मियों का नियमितीकरण, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को स्थायी करना, समान कार्य के लिए समान वेतन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और महंगाई भत्ता देना शामिल रहा। इसके साथ ही आशा बहुओं को उनके कार्य के अनुरूप उचित प्रोत्साहन राशि और पारिश्रमिक देने की मांग भी उठाई गई।
इस मौके पर डॉ. वेद प्रकाश यादव ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी नियमित कर्मचारियों की तरह समान कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें समान वेतन नहीं मिलता। इससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, आशा बहुएं दिन-रात मेहनत करके स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं, लेकिन उन्हें उनके परिश्रम के अनुरूप पारिश्रमिक नहीं मिल पाता। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका समाधान किए जाने की आवश्यकता जताई।
प्रदर्शन में शामिल कर्मियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में एनएचएम कर्मियों, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों और आशा बहुओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें उचित वेतन, सुविधाएं और नौकरी की सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. तुषार गुप्ता, प्रभाकर सिंह (बीपीएम), इंजसु राय, रणविजय, प्रमोद यादव, गुलाबी राजभर, वंदना, निशा कुमारी, मीरा देवी, प्रेमशीला रंजन, प्रिया सिंह, सरोज देवी, इंद्रावती, रामदेई और प्रतिमा शर्मा सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
