हिंदू समाज के आचरण और धर्म के प्रति जागरूकता पर हुई चर्चा, लोगों ने लिया संकल्प
देवल संवाददाता, महाराजगंज, आजमगढ़। महाराजगंज स्थित भैरव बाबा धाम पर श्री शिवलिंगम रुद्र महायज्ञ के तहत संकल्प एवं कर्तव्य बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में हिंदू समाज के गिरते हुए आचरण, सामाजिक जिम्मेदारियों और धर्म के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने समाज में धार्मिक चेतना बढ़ाने और लोगों को अपने धर्म एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष अमरनाथ सिंह, अनुराग सिंह युवा समाज तथा पंडित ओम मिश्रा का मार्गदर्शन रहा। वक्ताओं ने कहा कि समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और धार्मिक चेतना को मजबूत करने की आवश्यकता है। इसके लिए लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए तथा आने वाली पीढ़ियों को भी संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
बैठक में हिंदू समाज को संगठित करने, धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर सनातन जागरूकता अभियान के सेवा संयोजक निर्भय सिंह, दिनेश कुमार, अंगद दूबे, रिलायंस कंपनी से जुड़े इंजीनियर अशोक कुमार, बबलू राजभर, रामहित यादव, योगेंद्र मौर्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।