देवल संवाददाता, मऊ। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद के समस्त कृषकों को आगामी रबी फसल की बुवाई हेतु शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विभिन्न फसलों के कुल 13,995 कुंतल बीज का वितरण 50 प्रतिशत अनुदान पर किया जाना है। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य है,ताकि उन्हें समय से बीज उपलब्ध कराया जा सके और रबी फसलों की बुवाई सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने जनपद के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे रबी की बुवाई के लिए आवश्यक बीज प्राप्त करने हेतु कृषि विभाग के पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in/ अथवा https://agriculture.up.gov.in पर अपने किसान पंजीकरण के माध्यम से समय से ऑनलाइन बुकिंग सुनिश्चित करें। निर्धारित समय पर बुकिंग नहीं कराने की स्थिति में बीज प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है,जिससे रबी की बुवाई भी प्रभावित होने की आशंका है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग करने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर किसान अपने संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) अथवा प्रभारी राजकीय कृषि गोदाम से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अतः जनपद के समस्त कृषकों से अपील है कि वे समय से बीज की ऑनलाइन बुकिंग कराकर शासन की इस योजना का लाभ उठाएं तथा आगामी रबी फसल की बुवाई की तैयारी समय से पूर्ण करें।
