देवल संवाददाता, मऊ। औषधि निरीक्षक,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन,आशुतोष कुमार चौबे ने बताया कि आयुक्त महोदया,उत्तर प्रदेश,लखनऊ तथा जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 27 जून,2026 को संकलित औषधि BONUM-K27 Softgels (बैच संख्या-B26SCY01), निर्माता-CASPIAN Pharmaceuticals, Kala Amb, Himachal Pradesh एवं मार्केटिंग फर्म-KOLAZ Biotech Pvt. Ltd., Ambala Cantt., Haryana की औषधि को राजकीय विश्लेषक द्वारा मानक के विपरीत पाए जाने के उपरांत दिनांक 08 अक्टूबर, 2026 को जनपद मऊ के ख्वाजाजहांपुर स्थित मेसर्स कृष फार्मा का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान संबंधित औषधि की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। साथ ही,उपलब्ध स्टॉक तथा उक्त औषधि के अन्य बैचों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। इस दौरान BONUM-K27 के अन्य बैच की औषधि सहित कुल तीन औषधियों के नमूने परीक्षण हेतु संकलित किए गए। औषधि निरीक्षक ने बताया कि फर्म की स्वामिनी कंचन शुक्ला को निर्देशित किया गया है कि बाजार में वितरित संबंधित औषधि को विक्रेताओं से वापस मंगाकर अपने सप्लायर को वापस करें। इसके साथ ही, औषधियों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित समस्त अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां पांच दिवस के भीतर विभागीय कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त प्रकरण के संबंध में संबंधित निर्माता एवं मार्केटिंग फर्म को नोटिस जारी कर अपना पक्ष प्रस्तुत करने तथा बाजार से संबंधित औषधि वापस मंगाकर निर्माता फर्म को लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान पाई गई अन्य कमियों को निरीक्षण आख्या में अंकित करते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई हेतु निरीक्षण आख्या की प्रति औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी (विक्रय),आजमगढ़ मंडल,आजमगढ़ को प्रेषित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित औषधियों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
