देवल संवाददाता, मऊ। सहायक आयुक्त,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दृष्टिगत खाद्य एवं पेय पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त,खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन,उत्तर प्रदेश,लखनऊ एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, मऊ, मंजूषा सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देकवारा,कोपागंज स्थित मेसर्स नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की। मिलावट के संदेह में स्किम्ड मिक्स मिल्क, सोडियम कार्बोनेट, खोया,स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी एवं मिल्क क्रीम के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्यवाही की गई। निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित 60 लीटर दूध,जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये तथा 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम, जिसकी अनुमानित कीमत 27,000 रुपये है,को नियमानुसार मौके पर नष्ट करा दिया गया। इसके अतिरिक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद निर्माण परिसर में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में कार्य होता पाए जाने के संबंध में प्रतिष्ठान को नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है। अभियान के दौरान मेसर्स अतुल एजेंसी, प्रोपराइटर अतुल कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान से कुट्टू के आटे एवं सिंघाड़े के आटे के नमूने भी संग्रहित किए गए।इसके अतिरिक्त मेसर्स हनुमान ट्रेडर्स,ब्रह्मस्थान,मेसर्स उर्मिला स्पाइसेज,सदर चौक तथा मेसर्स सत्यप्रकाश देवेन्द्र कुमार बर्नवाल,सदर चौक का निरीक्षण किया गया। संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।विभागीय टीम द्वारा आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य कारोबारकर्ताओं को कुट्टू के आटे,घी,दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता के संबंध में जागरूक किया गया। कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि पुराने कुट्टू के आटे की बिक्री न करें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,स्वच्छता एवं सुरक्षित भंडारण का विशेष ध्यान रखें। साथ ही प्रतिष्ठानों एवं निर्माण परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II,मऊ,मंजूषा सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार राना,अजीत कुमार त्रिपाठी,रीता,स्वामीनाथ,विजय प्रकाश एवं ओमप्रकाश यादव उपस्थित रहे।
