जिंबाब्वे के खिलाफ खेलते हुए पूर्व भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रिकॉर्डतोड़ शतक लगाया। ये उनके वनडे करियर का आठवां शतक था और इसी के साथ उन्होंने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। कौर ने ये शतक ऐसे समय में लगाया, जब टीम इंडिया स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के रूप में दो शुरुआती विकेट गंवा दिए थे।
कौर ने मोर्चा संभाला और अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए शतक जड़ भारत को मुश्किल से निकाला। इसके साथ वे खास लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं और अब स्मृति मंधाना से सिर्फ पीछे हैं। उन्होंने मिताली को पीछे छोड़ा है। कौर भारत के लिए वनडे में सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। मंधाना इस लिस्ट में पहले नंबर पर मौजूद हैं।
हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड
कौर ने अपने वनडे करियर का आठवां शतक लगाया। इसी के साथ वे भारत के लिए 50 ओवर फॉर्मेट में सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने मिताली के रिकॉर्ड को तोड़ा है, जिन्होंने वनडे में भारत के लिए खेलते हुए सात शतक लगाए थे। लिस्ट में पहले स्थान पर मौजूद मंधाना ने अब तक 14 शतक लगाए हैं।
दीप्ति शर्मा ने भी लगाया शतक
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 19 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रतिका रावल (61) और हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। पहले मैच में शतक लगाने वाली प्रतिका मुकाबले में अर्धशतक को शतक में तब्दील नहीं कर सकी। हालांकि, कौर ने शतक लगाया।
कौर के आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने पूरी जिम्मेदारी ली और उन्होंने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक ठोक दिया। दीप्ति ने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रनों की पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल रहे।
