देवल संवाददाता, मऊ। स्वच्छता ही सेवा विशेष अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति,मऊ के तत्वावधान में दोहरीघाट स्थित रामघाट पर श्रमदान,रंगोली प्रतियोगिता एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नदियों एवं घाटों की स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना,युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा आमजन को नदी संरक्षण के प्रति प्रेरित करना था।कार्यक्रम के अंतर्गत विक्ट्री इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने गांव,कस्बे एवं विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने रामघाट पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोलियों के माध्यम से जल संरक्षण,पर्यावरण सुरक्षा तथा गंगा सहित अन्य नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शाश्वतानंद पांडेय ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से नदियों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने आमजन से नदियों एवं घाटों पर कूड़ा-कचरा न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।विद्यार्थियों के उत्साह,सक्रिय सहभागिता एवं स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छह विद्यार्थियों को ‘गंगा योद्धा’ स्वयंसेवक के रूप में चयनित किया गया। इनमें प्रगति सोनी (इब्राहिमाबाद),नीरज (गोठा),लक्ष्मी गुप्ता (शाहपुर), गरिमा यादव (धनौली रामपुर), कशिश मोदनवाल (नवापुरा, दोहरीघाट) एवं अंजनी शाहू (दोहरीघाट) शामिल हैं। ये विद्यार्थी अपने-अपने गांवों एवं कस्बों में स्वच्छता,जल संरक्षण तथा नदी संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के साथ अन्य लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
रंगोली प्रतियोगिता में एस.बी. बाल विद्या मंदिर,गौरीडीह के सरस्वती समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया,जबकि विक्ट्री इंटर कॉलेज के तमसा समूह ने द्वितीय तथा घाघरा समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शिक्षक रामाश्रय यादव,रजत कुमार,शिवांश तिवारी एवं श्री शिवम गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम का संयोजन डॉ. हेमंत कुमार यादव,जिला परियोजना अधिकारी,मऊ ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को यह संदेश दिया गया कि नदियों की स्वच्छता और संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। जनसहभागिता और निरंतर प्रयासों से ही नदियों को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है।
