देवल संवाददाता, मऊ।प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने डॉ भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया। प्रतियोगिता 4 से 9 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे पूरी ईमानदारी,अनुशासन एवं समर्पण के साथ खेलते हुए अपने जनपद,मंडल एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही एक खिलाड़ी की वास्तविक पहचान है। मैच प्रारंभ होने से पूर्व जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया तथा इस दौरान वार्ता करते हुए खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन भी किया।प्रतियोगिता में प्रदेश के कुल 18 मंडलों के साथ ही स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर एवं अयोध्या छात्रावास की लगभग 340 जूनियर बालिका हॉकी खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान आज कुल 9 मुकाबले खेले जाएंगे।प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में वाराणसी मंडल ने झांसी मंडल को 2-0 से पराजित किया। वाराणसी की ओर से सानिया एवं स्नेहा चौहान ने शानदार गोल किए। दूसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने बेहतर तालमेल एवं शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज मंडल को 8-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में अयोध्या छात्रावास ने गोरखपुर मंडल को 6-0 से हराया। चौथे मुकाबले में आजमगढ़ मंडल ने बस्ती मंडल को 5-0 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया। इसके अलावा आज मेरठ बनाम कानपुर,सहारनपुर बनाम देवीपाटन,आगरा बनाम मुरादाबाद तथा चित्रकूट बनाम वाराणसी मंडल के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।उद्घाटन समारोह में क्रीड़ा अधिकारी डी.पी. सिंह द्वारा मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री आनंद वर्धन एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर का बुके एवं बैज लगाकर स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में आनंद सिंह,सचिव जिला ओलंपिक संघ मऊ,अयूब अख्तर खान,संयुक्त सचिव जिला ओलंपिक संघ मऊ,ओमेंद्र सिंह,अध्यक्ष जिला हॉकी संघ, हाजी मुनव्वर अली,सचिव जिला फुटबॉल संघ,जमाल अर्पण, अध्यक्ष जिला फुटबॉल संघ सहित जनपद के गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
