देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। अर्नब तूफान के प्रभाव से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल किसानों से मुलाकात कर फसल नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी जुटा रहा है।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की है कि जनपद में बारिश से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित क्षतिपूर्ति दी जाए। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही कई तरह की आर्थिक और कृषि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के कारण फसल बर्बाद होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए राहत पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक सहारा मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने गेहूं की बुवाई का समय नजदीक आने के मद्देनजर नहरों को तत्काल बंद कराने की मांग की। उनका कहना है कि खेतों में जलभराव रहने से गेहूं की बुवाई प्रभावित हो सकती है। इसलिए समय रहते नहरों का पानी बंद कराया जाना जरूरी है।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने जिला प्रशासन से किसानों के हित में शीघ्र सर्वे, उचित मुआवजे और नहरों को बंद कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
