देवल संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग चाचा और उनके बेटों द्वारा भतीजों के खेत पर जबरन कब्जा कर जुताई-बुवाई की जा रही है। पीड़ितों का कहना है कि कोतवाली और तहसील में प्रार्थना पत्र देने तथा मौके पर डायल 100 पुलिस बुलाने के बावजूद उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
सारंगपुर निवासी अतेंद्र और नितेंद्र पुत्र तेज बहादुर ने आरोप लगाया कि उनके चाचा प्रमोद और उनके बेटों ने उनके खेत पर जबरन कब्जा कर लिया है। दोनों भाइयों का कहना है कि जब वे अपने खेत के पास जाते हैं, तो आरोपित लाठी-डंडे लेकर उन्हें दौड़ाते हैं और उनके साथ मारपीट करते हैं।
अतेंद्र ने बताया कि इस मामले में पहले भी डायल 100 पुलिस को मौके पर बुलाया गया था। इसके अलावा थाना और तहसील में भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई गई है, लेकिन अब तक खेत से कब्जा नहीं हट सका है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनके चाचा और उनके बेटों द्वारा पहले उनके माता-पिता के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि खेत पर कब्जा होने के कारण वे खेती नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें बाजार से अनाज खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। अतेंद्र ने शासन-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर खेत को कब्जामुक्त कराने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उन्हें अपने खेत पर खेती करने का अवसर मिल जाए, तो वे मेहनत-मजदूरी और खेती के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकेंगे।
