भारत के पूर्व बल्लेबाज शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के ऑर्गनाइजर के खिलाफ लीगल एक्शन लेने का एलान किया है। धवन इस टूर्नामेंट में एशिया वॉरियर्स के लिए खेलने वाले थे। हालांकि, इस टीम में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों का नाम सामने आया था, जिसकी वजह से फैंस भी हैरान रह गए।
एशिया वॉरियर्स का स्क्वाड आने के बाद धवन की आलोचना होने लगी। उनके इस कदम से फैंस भी हैरान हो गए कि वे पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलते हुए दिखेंगे। हालांकि, इसके बाद बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने इस इवेंट से खुद को दूर कर लिया है। उनका कहना है कि वे इस लीग से नहीं जुड़े हैं और इसमें खेलते हुए नहीं दिखेंगे। धवन ने लीग में खेलने से जुड़ी किसी भी खबरों पर भरोसा नहीं करने का भी आग्रह किया है।
शिखर धवन ने दी सफाई
धवन ने अपने एक्स अकाउंट पर इस मामले को लेकर सफाई दी। उन्होंने लिखा, "वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी के तौर पर मुझे अपना नाम मिला है। ऑर्गनाइजर ने मेरी इजाजत के बिना मेरे नाम का इस्तेमाल किया है। मेरी टीम इसे ठीक करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। मैं मीडिया और अपने फैंस से अनुरोध करता हूं वे किसी भी तरह रिपोर्ट पर भरोसा न करें। आपके लगातार प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद।"
एशिया वॉरियर्स की टीम में पाकिस्तानी खिलाड़ी
एशिया वॉरियर्स का जो स्क्वाड सामने आया था, उसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों का भी नाम शामिल था। इसमें सोहेल तन्वीर, इफ्तिखार अहमद और मोहम्मद इमरान खान का नाम शामिल था। दूसरी तरफ शिखर धवन अकेले ऐसे भारतीय खिलाड़ी नहीं थे, जो इस स्क्वाड में थे। उनके अलावा पूर्व खिलाड़ी गुरकीरत सिंह मान, राहुल शर्मा और अभिमन्यु मिथुन जैसे नाम शामिल थे।
धवन का नाम आना इस वजह से भी हैरान कर रहा था क्योंकि उन्होंने पिछले साल पहलगाम आंतकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के समय उसका खूब समर्थन किया था। ऐसे में उनका पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए जैसे ही नाम सामने आया फैंस भी नाराज हो गए। हालांकि, अब पूर्व बल्लेबाज ने साफ कर दिया है कि वे इसमें हिस्सा नहीं लेंगे और ऑर्गनाइजर ने उनकी इजाजत के बिना ऐसा किया।
