देवल संवाददाता, आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ अशोभनीय कृत्य के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 75(1)(i) और पॉक्सो एक्ट की धारा 9m/10 के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर को पीड़िता की मां ने कंधरापुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि गांव के दिनेश उर्फ भूलन पुत्र मान ने उनकी सात वर्षीय पुत्री के साथ बुरी नीयत से अशोभनीय कृत्य किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 232/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान भी दर्ज किए गए।
मामले में वांछित आरोपी दिनेश उर्फ भूलन पुत्र मान, निवासी ग्राम हरखुपूर, थाना कंधरापुर, उम्र करीब 30 वर्ष को रविवार को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को आजमपुर बाजार से सियरहा की ओर जाने वाले मार्ग के किनारे से सुबह करीब 11:15 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया, हेड कांस्टेबल अजय कन्नौजिया और कांस्टेबल ऋषि कुमार शामिल रहे।
