देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र । दी आर्यांस एकेडमी, संत नगर राबर्ट्सगंज के विद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं अनिका एवं मधु ने शिक्षक सम्मान में नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या चित्रा जालान एवं प्रबंध निदेशक विनोद कुमार जालान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रधानाचार्या चित्रा जालान ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मिक महानता और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी आवश्यक है। तभी हम शिक्षा के वास्तविक एवं शाब्दिक अभिप्राय को समझ सकेंगे।
वहीं प्रबंध निदेशक विनोद कुमार जालान ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में अनुशासन, संस्कार और हमारे पूर्वजों द्वारा बताई गई परंपराओं का विकास करना भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
मारवाड़ी युवा मंच महिला सोन शाखा की अध्यक्ष सुनीता सांवरिया, कोषाध्यक्ष पूनम केड़िया, सचिव चित्रा जालान, निवर्तमान अध्यक्ष रितु जालान एवं महिला मंडल की अध्यक्ष अनीता थर्ड ने सभी शिक्षकों का सम्मान किया। शिक्षकों से केक कटवाने के साथ उन्हें उपहार भी भेंट किए गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक उस मोमबत्ती के समान हैं, जो स्वयं जलकर अपने शिष्यों के जीवन में ज्ञान और उजाला भरते हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक राहुल जालान, नगर मंत्री धर्मेश, अनमोल सोनी, रिचा, सक्षम पांडेय एवं हर्ष चौबे ने भी शिक्षकों को तिलक लगाकर एवं चरण स्पर्श कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अंतिम उद्देश्य जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है और इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन शिक्षक करते हैं। शिक्षक हर चुनौती और जोखिम का सामना करते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्रियंका चौबे, हरिओम पांडेय, सुषमा पांडेय, प्रतिमा चौबे, निशा चौबे, यासमीन, काजल, नेहा पांडेय, उमाकांत दुबे, महेश त्रिपाठी, अश्वनी मिश्रा, तिलक दीक्षित, योगेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
