देवल संवादाता,वाराणसी। सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जन अधिकार पार्टी के संस्थापक और सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर धर्म के नाम पर राजनीति करने, भ्रष्टाचार और माफिया राज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पीडीए समाज को पूरी ताकत से एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की ताकत से सरकार चुनी जाती है, लेकिन मौजूदा सरकार आम जनता की इसी ताकत को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। किसान, मजदूर, छात्र समेत विभिन्न वर्गों के लोग अब बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। दावा किया कि बड़ी संख्या में लोग सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।
बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर पीडीए के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। लोगों को समाजवादी पार्टी की नीतियों और सामाजिक न्याय के एजेंडे की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश की सत्ता सौंपने के लक्ष्य के साथ जुटने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लोगों से संपर्क कर पीडीए समाज को एकजुट किया जाए। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए 51 प्रतिशत वोट हिस्सेदारी का लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनसंपर्क जरूरी है।
इस मौके पर सपा सांसद छोटेलाल खरवार, सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, जन अधिकार पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य, आदित्य मौर्य, सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह, जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय, संजय यादव, डॉ. केडी सिंह पटेल, हिदायत उल्ला खान आदि मौजूद रहे।
