पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम इनवेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA)द्वारा की जा रही जांच पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी है। रिजवान ने कहा कि वो जांच खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।
34 साल के रिजवान ने संकेत दिए कि एक बार कार्रवाई पूरी हो जाए तो फिर वो मीडिया को अच्छी तरह संबोधित करेंगे। समा डॉट टीवी के मुताबिक रिजवान और इमाम उल हक के खिलाफ जो जांच चल रही है, वो कथित आरोपों के आधार पर हो रही है।
दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त
एजेंसी ने दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन डाटा की भी जांच की। रिजवान और इमाम लाहौर में एनसीसीआईए में शामिल हुए, जहां इंग्लैंड दौरे के चिंताजनक मामलों और कथित रूप से ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने के संबंध में दो घंटे पूछताछ हुई।
रिजवान ने समा डॉट टीवी से कहा, 'मैं जांच में पूरी सहायता कर रहा हूं। मैं जांच पूरी होने का इंतजार कर रहा हूं।' याद दिला दें कि जियो न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया कि एजेंसी दोनों खिलाड़ियों के आर्थिक लेन-देन की समीक्षा कर रही है और संभावित गलती की तलाश में जुटी है।
पाकिस्तान ने झेला क्लीन स्वीप
बहरहाल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा। पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-3 का क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। पाकिस्तान को हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में 103 रन की शिकस्त झेलनी पड़ी। इसके बाद लॉर्ड्स में 194 रन और एजबेस्टन में आठ विकेट की पराजय झेलनी पड़ी।
