अंडमान-निकोबार के नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने भी की सराहना
देवल संवाददाता, गाजीपुर। काशी विद्वत परिषद्,दिल्ली प्रांत,(IQAC) और लक्ष्मीबाई महाविद्यालय (दिल्ली विश्वविद्यालय) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक विशेष राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रेवतीपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम त्रिलोकपुर के मूल निवासी और प्रख्यात समाजसेवी गोस्वामी ऋतुराज गिरि को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है।इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा को सम्मिलित होना था,किंतु किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उनके उपस्थित न हो पाने पर,कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रतिष्ठित शिक्षाविद प्रो. रमेश पांडेय जी (पूर्व कुलपति, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय) द्वारा गोस्वामी ऋतुराज गिरि को मंच पर प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।उपराज्यपाल ने दिल्ली आवास पर बुलाकर थपथपाई पीठ समारोह के उपरांत,शाम को नवनियुक्त उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने गोस्वामी ऋतुराज गिरि को अपने दिल्ली स्थित आवास पर विशेष रूप से आमंत्रित किया।इस आत्मीय भेंट के दौरान डॉ. शर्मा ने उनके द्वारा किए जा रहे मानवीय और सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और उनकी सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
BHU में पिछले 10 वर्षों से मरीजों के लिए बने हैं मददगार गोस्वामी ऋतुराज गिरि पिछले 10 वर्षों से लगातार निःस्वार्थ भाव से जनसेवा के कार्यों में समर्पित हैं।विशेषकर वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में आने वाले दूर-दराज के गरीब व असहाय मरीजों की समय पर भर्ती कराने, गंभीर स्थिति में मरीजों के लिए तत्काल ब्लड डोनेशन (रक्तदान) की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उनके तीमारदारों के लिए भोजन व ठहरने का उचित प्रबंध करने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।डॉ. दिनेश शर्मा ने उनके इन कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि युवाओं का इस प्रकार पीड़ित मानवता की सेवा में आगे आना अत्यंत सराहनीय है। गोस्वामी ऋतुराज गिरि ने इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए अपने मार्गदर्शक एवं गुरु डॉ. सुनील मिश्रा को विशेष धन्यवाद अर्पित किया,साथ ही नवनिर्वाचित उप राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा को भी नवीन दायित्व कि शुभकामनाएं दी।गोस्वामी ऋतुराज गिरि को मिले इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान पर रेवतीपुर ब्लॉक व त्रिलोकपुर क्षेत्र के ग्रामीणों,मित्रों व शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
