देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय,महुआर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्ल्स एवं बॉयज हॉस्टल,कक्षाकक्ष,हॉस्टल मेस, रसोईघर सहित परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।वर्तमान में विद्यालय में परीक्षाएं संचालित हो रही थीं।जिलाधिकारी ने परीक्षा में उपरांत विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं,भोजन की गुणवत्ता, पेयजल,स्वच्छता,आवासीय व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के उपरांत मध्यान्ह भोजन के समय जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ मेस में बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता एवं मेस की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल ने परिसर के अंदर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा गर्ल्स डायमेट्री में सीटों की संख्या बढ़ाए जाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया। जिलाधिकारी ने दोनों मांगों पर नियमानुसार विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधाओं और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा विद्यालय परिसर की सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से दुरुस्त रखी जाएं।
जिलाधिकारी ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय महुआर का किया आकस्मिक निरीक्षण
सितंबर 21, 2026
0
Tags
