देवल संवाददाता, मऊ। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जनपद के समस्त विकास खंडों में बहुउद्देशीय कार्यक्रम एवं जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों की सहभागिता रही तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को दी गई। शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पात्रता,आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभ के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने,आवेदन कराने तथा आवश्यक सेवाएं प्रदान करने की कार्रवाई की गई। साथ ही लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनते हुए उनके यथासंभव त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपने आसपास के पात्र लोगों को भी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जन-जन तक सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए आमजन को जागरूक एवं लाभान्वित करना है।
