देवल संवाददाता, मऊ। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के क्रियान्वयन में जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर आ रही समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों,सुरक्षा एवं शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला अधिकारी के आदेश तथा मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में विकास खंड परदहा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।विभागीय कर्मचारियों द्वारा घरेलू हिंसा,बाल विवाह,दहेज प्रथा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए उनके विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा हिंसा की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन एवं विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया गया।इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076,महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन समन्वयक अर्चना राय,सेंटर मैनेजर संध्या सिंह, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता मीरा यादव,जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय एवं तृप्ति राय,केस वर्कर अंजलि राय सहित विकास खंड परदहा के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना रहा।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं महिला सुरक्षा को लेकर परदहा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सितंबर 09, 2026
0
Tags
