देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 14 सितंबर। समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित पीडीए जन पंचायत में भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और पिछड़े, दलित एवं अल्पसंख्यक समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री राजनारायण बिंद ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी बढ़ी है तथा किसान भी परेशान हैं।
राजनारायण बिंद ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा नहीं हुआ। लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है। लघु एवं कुटीर उद्योगों के बंद होने से गरीब और मजदूर वर्ग प्रभावित हुआ है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पीडीए वर्ग के लोगों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि बिंद समाज का जितना शोषण भाजपा सरकार में हुआ है, उतना किसी अन्य सरकार में नहीं हुआ। उन्होंने पीडीए समाज से एकजुट होकर गांव-गांव पहुंचने और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिंद समाज के हित में पिछली समाजवादी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को बंद कर दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार को पीडीए विरोधी बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास सरकार से उठ चुका है और जनहित में भाजपा को सत्ता से हटाना जरूरी है।
वहीं सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने सरकारी भर्तियों में पीडीए वर्ग के आरक्षण को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में विभिन्न विभागों में आयोजित 22 सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पीडीए वर्ग के आरक्षित 11,514 पदों पर दूसरे वर्ग के अभ्यर्थियों की भर्ती की गई। उन्होंने इसे पीडीए समाज के साथ बड़ा धोखा बताते हुए आरक्षण की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की।
