देवल संवाददाता, लालगंज, आजमगढ़। स्थानीय तहसील परिसर सभागार में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में बीएलओ और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे क्षेत्र में नए युवा मतदाताओं और विवाह के उपरांत आई महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएं।उन्होंने विशेष रूप से महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया और बताया कि नए मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म संख्या 6 भरा जाए।
एसडीएम ने प्रपत्रों की उपयोगिता स्पष्ट करते हुए बताया फॉर्म संख्या 6 नए युवा मतदाताओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए।फॉर्म संख्या 8 मतदाता सूची या वोटर कार्ड में नाम, पता या अन्य विवरणों की त्रुटि सुधार के लिए।फॉर्म संख्या 7मृतक मतदाताओं या दोहरे पंजीकृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए।प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को तकनीक से जोड़ने और कार्य को सुगम बनाने के लिए ' बीएलओ ऐप' के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई और तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षित किया गया।इस प्रशिक्षण अवसर पर तहसीलदार लालगंज शिव प्रकाश सरोज,नायब तहसीलदार गौरव सिंह,नायब तहसीलदार कनक सिंह, राकेश यादव,बीएलओ सुनीता यादव, मालती, निशा,उर्मिला,सरोजा मौर्य, लालबचन, अनीता यादव सहित क्षेत्र के अन्य बीएलओ और सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
