देवल संवाददाता, आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहटी घाट पर शनिवार देर शाम श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबे युवक का शव आग दिन रविवार को मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
मड़या जयरामपुर निवासी 30 वर्षीय बृजेश गुप्ता उर्फ रिंकू के मोहल्ले में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए स्थापित प्रतिमा के विसर्जन में शामिल होने लिए वह शनिवार को मोहटी घाट गया था। आशंका जताई जा रही है कि विसर्जन के दौरान या नहाने के चक्कर में बृजेश अचानक नदी में डूब गया। साथ गए लोगों को काफी देर तक उसके बारे में जानकारी नहीं हो सकी और वे वापस घर लौट गए।
इधर, बृजेश के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूछताछ में पता चला कि वह प्रतिमा विसर्जन के लिए मोहटी घाट गया था। इसके बाद परिजन और अन्य लोग नदी किनारे पहुंचे और काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। देर रात निराश होकर सभी वापस लौट गए।
रविवार को नदी में शव उतराया मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बृजेश गुप्ता के रूप में की। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
