मलेशिया के बोर्नियो द्वीप पर एक एयरपोर्ट के पास 'फ्लाइंग डॉक्टर सर्विस' का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें मेडिकल स्टाफ समेत पांच लोग सवार थे। अधिकारियों ने अभी तक सारावाक राज्य में हुए इस क्रैश में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है।
मलेशिया के स्वास्थ्य मंत्री जुल्केफली अहमद ने एक बयान में कहा, 'शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में एक पायलट और मंत्रालय के चार कर्मचारी सवार थे, जिनमें एक मेडिकल अफसर, एक असिस्टेंट मेडिकल अफसर और दो नर्सें शामिल थीं।
'फ्लाइंग डॉक्टर' सर्विस आम तौर पर ग्रामीण या दूर-दराज के इलाकों में मेडिकल देखभाल, इमरजेंसी ट्रांसपोर्ट और क्लिनिकल सेवाएं देने के लिए एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल करती है।
हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद बचाव अभियान जारी
स्वास्थ्य मंत्री जुल्केफली ने कहा, 'अभी तक सभी क्रू सदस्यों और यात्रियों की स्थिति और घटना की वजह का पता नहीं चल पाया है। फायर और मेडिकल अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।'
मलेशिया के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने बताया कि उन्हें स्थानीय समयानुसार देर दोपहर सारावाक के लॉन्ग लेलांग शॉर्ट टेक-ऑफ और लैंडिंग एयरपोर्ट के पास हुई इस घटना की सूचना मिली और ट्रांसपोर्ट मंत्रालय का एयर एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो इसकी जांच कर रहा है।
