कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद के विकासखंड भीटी अंतर्गत ग्रामसभा मेढ़वा रघुवंशी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ₹3.71 करोड़ की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन बुधवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमि पूजन हरिओम पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद, अयोध्या–अंबेडकरनगर के कर-कमलों द्वारा संपन्न किया गया। कार्यक्रम में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मराज निषाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर हरिओम पाण्डेय ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित समाज की आधारशिला है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। मेढ़वा रघुवंशी में ₹3.71 करोड़ की लागत से बनने वाला नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। इसके निर्माण से मेढ़वा रघुवंशी सहित आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के संचालित होने के बाद महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं ग्रामीण परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा। समय पर प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि मेढ़वा रघुवंशी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश के साथ ही अंबेडकरनगर के चतुर्दिक विकास के लिए संकल्पित है। सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। मेढ़वा रघुवंशी में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की रही सहभागिता
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष रानेश पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह ‘डिंपू’, पूर्व मंडल अध्यक्ष गुलाब सिंह, दिलीप तिवारी, ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग के डिप्टी सीएमओ अंबेडकरनगर, चिकित्सा अधीक्षक भीटी तथा उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की और इसके लिए प्रदेश सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
₹3.71 करोड़ की लागत से बनने वाला यह नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेढ़वा रघुवंशी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यह परियोजना ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही “स्वस्थ क्षेत्र–समृद्ध क्षेत्र” की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
